

कोलकाता : श्री कृष्ण के प्रेम, करुणा और आध्यात्मिक चेतना से लेकर कुरुक्षेत्र की रणभूमि में विराट स्वरूप तक की यात्रा को मंच पर जीवंत करती भव्य नाट्य प्रस्तुति “कृष्ण–राधा से रणभूमि तक” ने कोलकाता के दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में “नमस्कारम” द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन, अध्यात्म और मानवीय संवेदनाओं का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।
प्रख्यात कवि एवं लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला की परिकल्पना एवं प्रस्तुति में सशक्त पटकथा, ओजपूर्ण संवाद, मधुर संगीत, प्रभावशाली अभिनय और भव्य मंच सज्जा ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
लगभग तीन घंटे तक चले इस आयोजन में दर्शक शुरुआत से लेकर अंतिम दृश्य तक पूरी तरह मंच से जुड़े रहे। श्रीकृष्ण के प्रेम और राधा के समर्पण से प्रारंभ होकर रणभूमि में धर्म, कर्म और विराट चेतना के संदेश तक पहुंची यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए एक आत्मस्पर्शी अनुभव बन गई।
कार्यक्रम के दौरान शब्दों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति, संगीत की मधुरता और कलाकारों के जीवंत अभिनय ने पूरे सभागार को कृष्णमय कर दिया। प्रस्तुति के विभिन्न प्रसंगों ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़े रखा और भारतीय दर्शन की गहराई से परिचित कराया।
इस अवसर पर अनेक विशिष्ट एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, भारत सेवाश्रम संघ के दिलीप महाराज, स्वामी रामचंद्र दास महाराज, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अजय पोद्दार, राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, विधायक संजय सिंह, विधायक पीयूष कनोडिया, विधायक भरत झंवर, भाजपा प्रदेश महासचिव शशि अग्निहोत्री तथा डॉ. सांवर धनानिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दीपू शर्मा को मिली बधाइयां
आयोजन की अभूतपूर्व सफलता पर मुख्य संयोजक दीपू शर्मा को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य संयोजक दीपू शर्मा एवं मनीष खेमका के साथ अनिल खेमका, अंजनी धानुका, अरुण शर्मा, सूरज चोखानी, एन. के. अग्रवाल, महेंद्र शर्मा (आसनसोल), सुशील ओझा, मूलचंद उपाध्याय, आदित्य शर्मा, अनंत शर्मा, विकास पोद्दार और राजकुमार व्यास सहित सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मनोज मुंतशिर ने जताया कोलकाता का आभार
कार्यक्रम के समापन पर मनोज मुंतशिर शुक्ला ने कोलकाता के दर्शकों के स्नेह, आत्मीयता और भव्य स्वागत के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह आयोजन एक कार्यक्रम भर नहीं था, यह भावनाओं, संस्कृति और कृष्ण चेतना से साक्षात्कार की एक अविस्मरणीय संध्या थी।”
विभु जैन और संकल्प जैन के सहयोग के लिए जताया आभार
आयोजन की सफलता पर मुख्य संयोजक दीपू शर्मा ने HIDCO के चेयरमैन विभु जैन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभु जैन के सहयोग, विश्वास और मार्गदर्शन के बिना इस आयोजन को अपेक्षित भव्यता प्रदान करना संभव नहीं था।
उन्होंने दिल्ली से संकल्प जैन द्वारा दिए गए सहयोग, स्नेह और आत्मीय समर्थन के लिए भी हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। आयोजन से जुड़े लोगों ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर मिले सहयोग ने इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लंबे समय तक याद रहेगी कृष्णमय संध्या
“कृष्ण–राधा से रणभूमि तक” की यह प्रस्तुति महज एक नाट्य कार्यक्रम तक सीमित नहीं रही, बल्कि कोलकाता में भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन और श्रीकृष्ण की चेतना का भव्य उत्सव बनकर सामने आई।
प्रेम से लेकर कर्तव्य और अध्यात्म से लेकर धर्मयुद्ध तक श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन की इस मंचीय यात्रा ने दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी। आयोजन की भव्यता, प्रस्तुति की प्रभावशीलता और दर्शकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस शाम को लंबे समय तक याद रखे जाने वाला सांस्कृतिक अवसर बना दिया।