-->

फर्जी दस्तावेजों पर लिया 73 लाख का कार लोन

हेयर स्ट्रीट थाना इलाके की घटना, बैंक धोखाधड़ी मामले में 4 और गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कार खरीदने के नाम पर फर्जी दस्तावेज जमा कर एक सरकारी बैंक से लाखों रुपये का लोन लेने के मामले में लालबाजार के एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन के जासूसों ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अयन मुखर्जी, तारक नायक, बबलू दास और संजय भट्टाचार्य हैं। मंगलवार को पुलिस ने इन चारों को बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

कागजों पर खरीदी गईं 8 गाड़ियां, हकीकत में नहीं था कोई अस्तित्व

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला साल 2025 में हेयर स्ट्रीट थाने में दर्ज कराई गई एक शिकायत से शुरू हुआ था। लालबाजार के जासूसों ने जब इस मामले की तहकीकात शुरू की, तो एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने कुल 8 गाड़ियां खरीदने के लिए बैंक में आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने जाली कागजात तैयार किए और एक प्रतिष्ठित सरकारी बैंक को गुमराह कर 73 लाख रुपये का लोन मंजूर (सैंक्शन) करा लिया। जांच के दौरान जब एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन की टीम ने गाड़ियों के विवरण की पुष्टि करनी चाही, तो पता चला कि जिन 8 गाड़ियों के नाम पर लोन लिया गया था, असल में उन गाड़ियों का कोई वजूद ही नहीं था। पूरे लोन को फर्जी कागजात के दम पर ठिकाने लगाया गया था। अदालत में सरकारी पक्ष ने दलील दी कि इस बड़े वित्तीय घोटाले की तह तक जाने और इसमें शामिल अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपियों से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद चारों आरोपियों को 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। गौरतलब है कि इस धोखाधड़ी के मामले में लालबाजार पुलिस पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in