

कोलकाता: तिलजला में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोलकाता पुलिस को मामले में तत्काल विशेष एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
सरकार ने घटना की विस्तृत जांच और स्थल सर्वेक्षण के लिए चार सदस्यीय विभागीय समिति का गठन किया है। समिति में एसीएस, एमएसएमई विभाग, एसीएस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग, कोलकाता पुलिस आयुक्त तथा कोलकाता नगर निगम के नगर आयुक्त को शामिल किया गया है।
मुख्य सचिव कार्यालय से मिली आदेश में कहा गया है कि समिति घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट 13 मई 2026 को सुबह 11 बजे तक मुख्य सचिव को सौंपेगी। राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।