

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र के एक मकान में वृद्धा को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने और करीब 50 लाख रुपये मूल्य के हीरे के आभूषण चोरी करने के मामले में पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुतुल बर्मा और चंदन साहू के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले दो लोग एक घरेलू नौकर के माध्यम से उक्त मकान में पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने वृद्धा को नशीला पेय पिलाकर बेहोश कर दिया और घर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के हीरे के आभूषण चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वृद्धा के हाथ से हीरे जड़ा कंगन उतार लिया और उसकी जगह नकली कंगन पहना दिया।
घटना के बाद जब वृद्धा को होश आया, तो उनके परिजनों को कंगन देखकर संदेह हुआ। जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पार्क स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले बालीगंज इलाके से सुष्मिता सरदार और सोहेल रफीक को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के बाद उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा इलाके में छापेमारी कर पुतुल बर्मा और चंदन साहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पुतुल बर्मा को 18 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जबकि चंदन साहू को 18 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही, चोरी की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।