तृणमूल के पूर्व पार्षद का पार्टी कार्यालय सील

KMC की बड़ी कार्रवाई, अवैध हिस्सा भी ढहाया
Kolkata
पूर्व पार्षद का पार्टी कार्यालय सील
Published on

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम (KMC) ने मध्य कोलकाता में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद मोहम्मद जसीमुद्दीन के पार्टी कार्यालय को सील कर दिया। जोरासांको इलाके के वार्ड 39 में स्थित इस कार्यालय के ऊपर बनाए गए अनधिकृत हिस्से को भी नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई सोमवार को की गई। यह कार्यालय मदन मोहन बर्मन स्ट्रीट पर महात्मा गांधी मेट्रो स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित है। रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यालय के ऊपर बने अवैध हिस्से का इस्तेमाल पार्टी से संबंधित सामान रखने के लिए किया जा रहा था।

KMC की कार्रवाई को निगम की जमीन, सड़क और फुटपाथ पर मौजूद अनधिकृत निर्माण हटाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।

कई इलाकों में अवैध निर्माण पर नोटिस

KMC अधिकारियों के अनुसार, मध्य कोलकाता के कई इलाकों में ऐसे अनधिकृत कार्यालयों और निर्माणों को नोटिस जारी किए गए हैं। बीबी गांगुली स्ट्रीट, सीआर एवेन्यू, बड़ाबाजार, ब्रेबोर्न रोड, मेचुआ, मदन मोहन बर्मन स्ट्रीट और कॉलेज स्ट्रीट समेत कई स्थानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।

संबंधित निर्माणों को हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर निगम स्वयं अवैध हिस्सों को हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।


चुनाव नतीजों के बाद से बंद था कार्यालय

स्थानीय लोगों के अनुसार, जसीमुद्दीन का कार्यालय पहले नियमित रूप से पार्टी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से यहां आवाजाही काफी कम हो गई थी और कार्यालय अधिकतर समय बंद रहता था।

गौरतलब है कि जसीमुद्दीन पहले CPM के पार्षद रहे थे और बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। जून में बंगाल पुलिस ने उन्हें एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और उत्पीड़न के आरोप में उनके घर से गिरफ्तार किया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in