पूर्व स्पीकर बिमान बनर्जी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप

भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने विधानसभा में उठाया मामला, जांच की मांग
बिमान बनर्जी
बिमान बनर्जी
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कालीघाट तृणमूल के विधायक बिमान बनर्जी गुरुवार को भाजपा के निशाने पर आ गए। बैरकपुर से भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने विधानसभा में उन पर सत्ता के दुरुपयोग और सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए वह विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को औपचारिक शिकायत सौंपेंगे।

कौस्तव का आरोप है कि बिमान बनर्जी के "अत्यंत करीबी" मइसुद्दीन मंडल को विधानसभा में डिप्टी सिक्योरिटी पद पर नियुक्त किया गया था। उनके अनुसार, मइसुद्दीन सरकारी वाहन का इस्तेमाल आधिकारिक कार्यों के साथ-साथ निजी कार्यों में भी करते थे। उन्होंने दावा किया कि दुर्गापूजा के दौरान वह परिवार के साथ घूमने के लिए भी सरकारी गाड़ी का उपयोग करते थे और निजी पेट्रोल पंपों से उसमें ईंधन भरवाते थे।

भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि मइसुद्दीन विधानसभा के कई कर्मचारियों को धमकाते थे। उनका दावा है कि जब वर्तमान मुख्यमंत्री विपक्ष के नेता थे, तब उनके कक्ष के बाहर हवाई चप्पलों का ढेर लगाने की घटना में भी मइसुद्दीन की भूमिका थी। हालांकि, बिमान बनर्जी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, "मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। मैंने कभी कोई नियमविरुद्ध कार्य नहीं किया।"

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in