मेस्सी कांड :पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए पूर्व मंत्री अरूप विश्वास

पत्र भेजकर मांगी मोहलत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : राज्य के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास पिछले साल दिसंबर में सॉल्टलेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था से संबंधित मामले में पूछताछ के लिए गुरुवार को पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दो सप्ताह का समय देने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के आयोजक शताद्रु दत्ता ने विश्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी और पूर्व मंत्री पर टिकटों की कालाबाजारी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी व धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। पुलिस ने विश्वास को पांच जून तक जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा था। तृणमूल नेता ने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए कहा कि वह फिलहाल पेश होने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘हमें अरूप विश्वास से चिकित्सा कारणों से अतिरिक्त समय देने का पत्र मिला है। अनुरोध की कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार जांच की जा रही है। जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।’ दत्ता ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री जांच में देरी करने का प्रयास कर रहे हैं। दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘समन मिलने के बाद अचानक बीमार पड़ जाना? मेडिकल सर्टिफिकेट से समय तो मिल सकता है, लेकिन इससे कोई न्याय से बच नहीं सकता।’ उन्होंने दावा किया कि बीमारी का समय महज एक संयोग नहीं माना जा सकता। उन्होंने मामले को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मेस्सी के भारत में कार्यक्रम के मुख्य आयोजक दत्ता ने 17 मई को बिधाननगर दक्षिण थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने पूर्व खेल मंत्री पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली सहित कई अपराधों का आरोप लगाया था।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in