
कोलकाता : बड़ाबाजार की नामी स्वर्ण आभूषण दुकान से 5 करोड़ रुपये मूल्य का स्वर्ण आभूषण चुराने के आरोप में पुलिस ने दुकान के पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। घटना पोस्ता थानांतर्गत रवीन्द्र सरणी इलाके की है। अभियुक्त का नाम अभिजीत संजय हिमारे है। पुलिस ने उसे बरानगर इलाके से शुक्रवार की रात को गिरफ्तार किया है। शनिवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 27 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गत मार्च माह में आभूषण दुकान के प्रबंधन द्वारा 6.50 किलो सोने के आभूषण चोरी करने की शिकायत अपने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ दर्ज करायी गयी। आरोप है कि अभियुक्त अभिजीत रवीन्द्र सरणी स्थित एक सोने की दुकान का कर्मचारी था। वह उस सोने की दुकान के लिए स्टॉक एडजस्टर के रूप में काम करता था। शिकायत दर्ज करायी गई थी कि उसने खातों में गलत जानकारी देकर पिछले साल लगभग 5 करोड़ रुपये के करीब 6.50 किलो सोने के आभूषणों की हेराफेरी की। पिछले जनवरी महीने में उसने नौकरी भी छोड़ दी थी। जांच के बाद पुलिस ने बरानगर से व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। आरोपित के वकील शहजाद हुसैन ने जमानत के लिए आवेदन किया। सरकारी वकील ने जमानत का कड़ा विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने गिरफ्तार व्यक्ति को 27 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।