मालकिन को ब्लैकमेल कर वसूले 45 लाख, पूर्व ड्राइवर गिरफ्तार

नारकेलडांगा थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केष्टोपुर के एक बैंक प्रबंधक की पत्नी की कथित रूप से निजी और मॉर्फ्ड तस्वीरें परिवार व परिचितों को भेजकर ब्लैकमेल करने के आरोप में नारकेलडांगा थाना पुलिस ने पूर्व ड्राइवर अमित कुमार राय को गिरफ्तार किया है। घटना नारकेलडांगा इलाके की है। अभियुक्त को सोमवार को अदालत में पेश करने पर उसे 3 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

शिकायत के अनुसार, अगस्त 2022 में बैंक प्रबंधक ने एक ऑनलाइन कैब प्लेटफॉर्म के जरिए अमित कुमार राय को अपनी पत्नी और बेटी के आवागमन के लिए ड्राइवर के रूप में नियुक्त किया था। बाद में ड्राइवर राय ने परिवार से नजदीकी बढ़ा ली और नवंबर 2024 तक निजी कैब सेवा भी देता रहा।

पुलिस के मुताबिक परिवार के भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने महिला से भावनात्मक संबंध बना लिया और बिना उसकी अनुमति के उसकी निजी एवं अंतरंग तस्वीरें और वीडियो गुप्त रूप से हासिल कर लिए। आरोप है कि वर्ष 2023 से वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर अपनी अवैध मांगें मनवाने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि अभियुक्त ने महिला को ब्लैकमेल कर उससे 45 लाख रुपये वसूल लिए। बाद में पीड़िता ने अभियुक्त की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर थाने में शिकायत दर्ज करायी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने पूर्व ड्राइवर अमित राय को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जांच में पता चला कि अभियुक्त ने ब्लैकमेलिंग कर वसूले गये रुपये को शेयर मार्केट में निवेश किया था। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in