
कोलकाता - पश्चिम बंगाल के भाटपारा से भाजपा नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के आवास के बाहर आज्ञात बदमाशों ने बम फेंके और गोलीबारी की। यह हमला बुधवार देर रात को हुआ। इस हमले में एक युवक घायल हो गया है। सिंह और उनके करीबीयों ने हमलावरों का पीछा किया और उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आज दोपहर अर्जुन सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया।
क्या कहा अर्जुन सिंह ने ?
अर्जुन सिंह ने अपने बयान में कहा कि, "रात करीब 10:30 बजे मैंने अचानक दो राउंड गोलियों की आवाज सुनी। मैं अपने घर के अंदर अपने कार्यालय में था। जब मैं बाहर निकला तो मैंने देखा कि कुछ लोग भाग रहे हैं। एक युवक घायल हो गया और स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मैने तुरंत ईमेल के जरिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उल्टा उन्होंने मेंरे नाम को नोटिस जारी कर दिया।"
पुलिस के सामने नहीं पेश हुए अर्जुन सिंह
अर्जुन सिंह ने आगे कहा कि, "मुझे बाद में पता चला कि मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मेरी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि मुझे पूछताछ के लिए बुलाया। मैं भी उनके सामने पेश नहीं हुआ।"