कोलकाता : इजरा स्ट्रीट के इलेक्ट्रिक मार्केट में लगी आग की घटना को लेकर सोमवार को दमकल विभाग की ओर से हेयर स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। सूत्रों के अनुसार शिकायत में बताया गया है कि जिस मकान में आग लगी वहां पर दुकानदार और गोदाम मालिकों के पास किसी तरह फायर सेफ्टी लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा वहां पर फायर फाइटिंग सिस्टम की अनदेखी की गयी थी। सूत्रों के अनुसार दमकल विभाग की ओर से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी तरफ सोमवार की सुबह फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने इजरा स्ट्रीट स्थित घटनास्थल का दौरा किया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूना संग्रह किया। विशेषज्ञों ने विभिन्न जगहों पर जाकर जले हुए सामानों का नमूना संग्रह किया। हालांकि सोमवार की शाम तक फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से नमूना संग्रह करने का काम पूरा नहीं कर पाये थे। मंगलवार की सुबह दोबारा फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंचेगी और नमूना संग्रह करने का काम पूरा करेगी। इस तरह की घटनाओं में फॉरेंसिक रिपोर्ट काफी अहम मानी जाती हैं क्योंकि इस रिपोर्ट से ही आग कैसे लगी, यह पता चलता है। इस बीच आग में प्रभावित दुकानदार सोमवार की शाम तक अपनी दुकानों में जाकर क्षति का आंकलन करना चाहते हैं हालांकि फॉरेंसकि का कार्य पूरा नहीं होने के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया गया। पुलिस की ओर से घटना स्थल को सील रखा गया है। आग के कारण मार्केट का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में पुलिस कर्मियों को सुरक्षा के लिहाज से काफी ध्यान रखना पड़ रहा है। केएमसी की ओर से भी क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़ने का काम किया जाएगा। इधर, दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक में आग की घटनाओं को रोकने के लिए सभी स्टेकहोल्डर को लेकर बैठक की जाएगी। उस बैठक में एक कॉमन सोल्यूशन निकालने पर जोर दिया जाएगा ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो।