

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल के खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए गए दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान में राज्यभर के खाद्य प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। अधिकारियों ने इस दौरान रेस्तरां, मिठाई की दुकानों, होटल और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों समेत कुल 1,730 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें से 1,525 स्थानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों से जुड़ी अलग-अलग खामियां पाई गईं। अभियान के दौरान 13 रेस्तरां को सील कर दिया गया, जबकि पांच अन्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा 17 अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और शीत भंडारण व्यवस्था समेत विभिन्न मानकों की जांच की गई।
पार्क स्ट्रीट के सात रेस्तरां में छापेमारी
अभियान के तहत शुक्रवार को मध्य कोलकाता के पॉश पार्क स्ट्रीट इलाके में स्थित सात प्रसिद्ध रेस्तरां में भी अधिकारियों ने छापेमारी की। टीम ने वहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ शीत भंडारण प्रणाली का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि खाद्य सामग्री को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जा रहा है या नहीं।
विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन यानी बुधवार को अधिकारियों ने 906 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जबकि दूसरे दिन 824 स्थानों का दौरा किया गया। इस तरह दो दिनों में कुल 1,730 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें से 1,525 में किसी न किसी तरह की कमी या नियमों का उल्लंघन सामने आया।
901 खाद्य नमूने एकत्र
निरीक्षण के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से खाद्य पदार्थों के कुल 901 नमूने भी एकत्र किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दक्षिण 24 परगना में सबसे अधिक खामियां
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले में सबसे अधिक अनियमितताएं सामने आईं। यहां कुल 215 प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। इनमें अकेले डायमंड हार्बर में 153 मामले सामने आए। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद कई जाने-माने प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक और बाध्य करना भी है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रखे जा सकते हैं।