सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण यूरोप और भारत के बीच हवाई किराए में भारी उछाल देखने को मिला। सोमवार को लंदन से मुंबई की सीधी उड़ान का इकोनॉमी क्लास का एकतरफा टिकट 2.9 लाख रुपये तक पहुंच गया, जबकि बिजनेस क्लास का किराया 9 लाख रुपये तक चला गया। सामान्य तौर पर इन दोनों शहरों के बीच इकोनॉमी किराया 20,000 से 40,000 रुपये और बिज़नेस क्लास का किराया 1.2 लाख से 2.5 लाख रुपये के बीच होता है। कई यात्रियों ने इतनी ऊंची कीमत चुकाने के बजाय जहां थे वहीं रुकना बेहतर समझा, लेकिन जिन्हें तुरंत लौटना जरूरी था, उन्होंने British Airways, Virgin Atlantic, Lufthansa, KLM और Air France जैसी यूरोपीय एयरलाइंस से महंगे टिकट खरीदे। Air India और IndiGo ने भी कुछ उड़ानें रिकॉर्ड किराए पर संचालित कीं।
किराया बढ़ने का एक कारण लंबा रूट लेना था
एयरलाइंस के अनुसार किराया बढ़ने का एक कारण लंबा रूट लेना था, क्योंकि विमानों को संघर्षग्रस्त खाड़ी क्षेत्र से बचकर उड़ान भरनी पड़ रही थी। मुंबई से उड़ान भरने वाले विमान ओमान, सऊदी अरब, मिस्र, ग्रीस, इटली और फ्रांस होते हुए ब्रिटेन पहुंच रहे थे। वहीं दिल्ली से उड़ान भरने वाली विदेशी एयरलाइंस पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इस्तांबुल के ऊपर से होकर जा रही थीं। हालांकि किराया बढ़ने का बड़ा कारण मांग और आपूर्ति के बीच भारी अंतर था। मध्य-पूर्व में संघर्ष के कारण रोज़ाना 700 से अधिक उड़ानें रद्द की जा रही थीं। Etihad Airways ने निकासी उड़ानें शुरू कीं, जबकि Emirates ने मंगलवार से ऐसी उड़ानें शुरू करने की बात कही। संयुक्त अरब अमीरात में अकेले 20,000 से अधिक भारतीय फंसे हुए हैं। इसके बावजूद इन एयरलाइंस ने सोमवार और मंगलवार को अपनी नियमित उड़ानें रद्द कर दीं।
20 उड़ानें रद्द रही एयरपोर्ट से
कोलकाता एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार खाड़ी क्षेत्र की एयरलाइंस ने दो दिनों में 20 उड़ानें रद्द कीं — Emirates की 8, Etihad Airways और Qatar Airways की 4-4, तथा Air Arabia और Flydubai की 2-2 उड़ानें।
सोशल मीडिया पर भी यात्रियों की शिकायतों की बाढ़ आ गई। पार्थ सारथी साहा की 3 मार्च को कोपेनहेगन से दोहा होते हुए कोलकाता जाने वाली Qatar Airways की कनेक्टिंग फ्लाइट तय थी। वहीं नेहाल अहमद और अनीश सराओगी की दुबई-कोलकाता फ्लाइट EK572 रद्द कर दी गई, जिसके बाद वे दुबई में फंस गए।
ट्रैवल एजेंटों की सलाह
ट्रैवल एजेंटों ने यात्रियों को सलाह दी है कि हालात सामान्य होने तक यात्रा टाल दें। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के (पूर्व) अध्यक्ष अनिल पंजाबी ने कहा कि मौजूदा किरायों पर यूरोप यात्रा करना समझदारी नहीं है, जब तक कि बहुत जरूरी काम न हो। वहीं ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के (पूर्व) अध्यक्ष अंजनी धानुका ने बताया कि अमेरिका के पूर्वी तट पर तत्काल जाने वाले यात्रियों को Singapore Airlines, Thai Airways और Malaysia Airlines की उड़ानों से पूर्व की दिशा में प्रशांत महासागर पार कर पहले अमेरिका के पश्चिमी तट तक भेजा जा रहा है। ट्रैवल एजेंट मानव सोनी ने कहा कि मध्य-पूर्व की स्थिति अभी भी अस्थिर है और यह स्पष्ट नहीं है कि हालात कब सुधरेंगे तथा इस क्षेत्र से होकर उड़ानें कब सामान्य रूप से शुरू होंगी।