

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जयनगर थाने के महिषमारी इलाके में ईंट भट्ठा मालिक जयंत मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। गिरफ्तार आरोपियों के नाम बुद्धीश्वर हालदार, शिवशंकर नस्कर, पतितपावन नस्कर, छोटू नस्कर और राहुल बैद्य बताए गए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने सभी को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 12 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक जयंत मंडल और अभियुक्तों के बीच जमीन तथा पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते गुरुवार रात को महिषमारी इलाके में घात लगाकर जयंत मंडल पर हमला किया गया। बताया जाता है कि जब जयंत मंडल अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल जयंत मंडल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर जयनगर क्षेत्र से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी इसी इलाके के निवासी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्या की साजिश में और कोई व्यक्ति शामिल था या किसी ने बाहरी मदद ली थी। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी है। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोग पुलिस से शीघ्र न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि जयंत मंडल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।