

कोलकाता : सुंदरवन के बड़ीतल्ला जंगल में केकड़ा पकड़ने गए एक मछुआरे पर बाघ के हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में निखिल मंडल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वह हेमनगर कोस्टल थाना क्षेत्र के शमशेरनगर का निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल अपने पांच साथियों के साथ दो नावों में सवार होकर तीन दिन पहले जंगल में केकड़ा पकड़ने गया था। शनिवार शाम, अंधेरा होने से ठीक पहले, जब वह बड़ीतल्ला जंगल की एक खाड़ी से बाहर निकल रहा था, तभी अचानक एक बाघ अपने दो शावकों के साथ वहां आ पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शी गोबिंद मंडल ने बताया कि बाघ ने अचानक नाव पर खड़े निखिल पर झपट्टा मार दिया। हमले से निखिल बुरी तरह घायल हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए साथियों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बांस और लाठियों से बाघ पर हमला किया। इससे बाघ ने निखिल को छोड़ दिया और वह पानी में गिर गया।
हालांकि, बाघ यहीं नहीं रुका और किनारे पर चढ़कर दोबारा हमला करने की कोशिश करने लगा। लेकिन मछुआरों के शोर-शराबे और लगातार प्रतिरोध के कारण वह अपने शावकों के साथ जंगल की ओर लौट गया।
घायल निखिल को पहले योगेशगंज और बाद में बशीरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।