

कोलकाता : लगातार बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर जलजमाव और बदहाल सड़कों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि शहर की निकासी व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है, लेकिन इसमें और सुधार की जरूरत है।
फिरहाद ने कहा कि कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश के कारण पानी जमा हो रहा है, जबकि कई जगह सड़कों के गड्ढे भी जलनिकासी में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने पातीपुकुर अंडरपास का उदाहरण देते हुए कहा कि बारिश के मौसम में वहां जलजमाव की समस्या बनी रहती है।
उनके मुताबिक सड़कों के टूटे हिस्से को आयताकार आकार में काटकर पत्थरों से भरने से समस्या कम की जा सकती है। इससे जलनिकासी आसान होगी और नई सड़क बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उनके अनुसार, गंगा की मिट्टी बारिश में कमजोर होने से सड़कें बैठ जाती हैं। फिरहाद ने कहा कि कोलकाता नगर निगम को और सक्रिय होना होगा और जरूरत पड़ने पर विशेष समिति की सलाह ली जा सकती है। हालांकि, उन्होंने अफसोस जताया कि अब शहर के हित में सलाह लेने की जरूरत कोई महसूस नहीं करता।