राइटर्स के निकट कॉमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग

दमकल के 10 इंजनों ने आग पर पाया काबू
आग बुझाने की कोशिश करते दमकल कर्मी
आग बुझाने की कोशिश करते दमकल कर्मी
Published on: 

16 घंटे तक निकलता रहा धुआं

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हेयर स्ट्रीट थानांतर्गत ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के पीछे लायंस रेज स्थित एक कॉमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई। मौके पर पहुंचीं दमकल की 10 गाड़ियां तैनात की गयी हैं। करीब 16 घंटे तक इमारत की चौथी मंजिल के कार्यालयों से धुआं निकलता रहा। बाद में सोमवार की दोपहर तक काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस इमारत में कई कंपनियों के कार्यालय हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सोमवार की रात तक इमारत में कूलिंग डाउन प्रोसेस चला।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात 1 बजे राइटर्स बिल्डिंग के निकट लायंस रेंज स्थित एक कॉमर्शियल बिल्डिंग के चौथे तल्ले पर स्थित एक कंप्यूटर हार्डवेयर कंपनी के कार्यालय में आग लग गयी। देर रात कार्यालय से धुआं निकलते देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने सुबह 6 बजे तक ऑफिस में लगी आग पर काबू पाया। इसके थोड़ी देर बाद दोबारा बगल के ऑफिस से आग की लपटें निकलते देख दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके बाद शाम 5 बजे तक आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने चौथी मंजिल पर जाकर विभिन्न कार्यालय का दरवाजा काटकर धुएं को बाहर निकाला। आग लगने वाले हिस्सों की पहचान के लिए स्मोक डिटेक्टर और गैस मास्क का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी। दमकल विभाग भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल कर रहा है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News