

कोलकाता : कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर अब अग्नि सुरक्षा को लेकर दमकल विभाग ने सख्ती की है। पश्चिम बंगाल दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने 9, अवनींद्रनाथ ठाकुर सरणी स्थित भवन की छठी और सातवीं मंजिल तत्काल खाली करने का निर्देश दिया है। इन दोनों मंजिलों पर अभिषेक का दफ्तर है।
दमकल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर-इन-चार्ज की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि दोनों मंजिलों पर आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं की गयी है। इस संबंध में भवन मालिक को सुनवाई के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। वहीं, दोनों मंजिलों के उपयोगकर्ताओं के प्रतिनिधि सुनवाई में उपस्थित हुए और लीज समझौते की प्रति जमा कर अपना पक्ष रखा।
दस्ताबेजों और प्रतिनिधियों के बयान की जांच के बाद दमकल विभाग ने कहा कि आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने, उसका उचित रखरखाव करने और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट (एफएससी) हासिल करने की जिम्मेदारी भवन मालिक की है। विभाग ने पश्चिम बंगाल फायर सर्विसेज एक्ट, 1950 की धारा 11सी का भी उल्लेख किया है।
दमकल के अनुसार, भवन का रिन्यूअल फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट 10 अगस्त 2023 को तीन वर्षों के लिए जारी किया गया था। हालांकि, इसकी अवधि समाप्त होने से पहले नवीनीकरण की सिफारिश के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं की गयी।
विभाग ने कहा कि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण दोनों मंजिलें आग और जीवन सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित हैं। आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू होने और नया एफएससी प्राप्त होने तक इन मंजिलों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।