

कोलकाता : बड़ाबाजार थानांतर्गत पुरुषोत्तम राय स्ट्रीट स्थित तिरपाल के गोदाम में भयावह आग लग गयी। मौके पर पहुंचे दमकल के 8 इंजनों ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग में 5 गोदाम जलकर राख हो गये। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह 4.30 बजे तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित तिरपाल के गोदाम में आग लगी देख लोगों ने सूचना पुलिस और दमकल को दी। आग की लपटें इतनी अधिक थीं कि वह आसपास के गोदामों तक फैल गयी। प्लास्टिक का तिरपाल होने के कारण वह तेजी फैली और विकराल रूप ले लिया। आग में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गयी। सुबह के वक्त होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने 8 इंजनों की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि आग संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हालांकि जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे। इस बीच सीएम शुभेंदु अधिकारी ने हेडक्वार्टर फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बड़ाबाजार में लगी आग की घटना की जानकारी ली और जानना चाहा की कार्रवाई कैसे और कब की गयी।