

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और मानहानिकारक वीडियो जारी किए जाने के बाद लेक टाउन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
शिकायतकर्ता आनंद पोद्दार के अनुसार, उन्होंने 14 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे फेसबुक पर 4 मिनट 12 सेकंड का एक वीडियो देखा। यह वीडियो समीरन मंडल नाम के एक फेसबुक प्रोफाइल से पोस्ट किया गया था। वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ अत्यंत अभद्र, अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करता हुआ नजर आ रहा है।
आनंद पोद्दार की तहरीर पर लेक टाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 (मानहानि), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), 353(2) (विद्वेष फैलाने वाला बयान), 196(1)(a) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 299 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस और साइबर सेल की टीम वीडियो अपलोड करने वाले और उसमें दिख रहे अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए डिजिटल फुटप्रिंट्स, आईपी एड्रेस और होस्टिंग सोर्स को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार का भ्रामक और अभद्र कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।