CNMCH में छात्राओं की तलाशी अब अधिकारियों की निगरानी में

शिकायत के बाद बदली व्यवस्था
Kolkata
CNMCH में शिकायत के बाद बदली तलाशी व्यवस्था
Published on

कोलकाता : Calcutta National Medical College and Hospital (CNMCH) में परीक्षा के दौरान छात्राओं की तलाशी को लेकर उठे सवालों के बाद कॉलेज प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग अब कॉलेज अधिकारियों की मौजूदगी में कराई जा रही है।

यह कदम कुछ छात्रों की ओर से तलाशी की प्रक्रिया को लेकर शिकायत किए जाने के दो दिन बाद उठाया गया। ज्ञात हो कि राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में प्रथम वर्ष की MBBS परीक्षा 3 सितंबर से शुरू हो गयी है। इसी कड़ी में परीक्षा केंद्रों में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए परीक्षार्थियों की जांच की जा रही है।

महिला छात्रों ने निजता भंग होने की शिकायत की

शनिवार को CNMCH के कुछ छात्रों ने महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के तरीके पर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि महिला बाउंसरों द्वारा जांच के दौरान कुछ छात्राओं के काफी गहराई तक जांच की गई, जिससे उनकी निजता प्रभावित हुई और उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

ABVP मेडिकल स्टूडेंट सेल से जुड़े अंतिम वर्ष के MBBS छात्र ने कहा कि छात्रों को तलाशी से आपत्ति नहीं है, लेकिन जांच का तरीका ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे किसी की निजी गरिमा प्रभावित हो।

सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जांच पर जोर

शिकायत सामने आने के बाद सोमवार को कॉलेज अधिकारियों की निगरानी में छात्राओं की फ्रिस्किंग की गई। प्रशासन की कोशिश है कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था से समझौता किए बिना जांच प्रक्रिया को अधिक संवेदनशील और सम्मानजनक बनाया जाए।

अधिकारियों की मौजूदगी से तलाशी प्रक्रिया पर निगरानी भी बनी रहेगी और छात्रों की शिकायतों का समाधान किया जा सकेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in