

कोलकाता : महानगर में एक महिला वकील से सरेआम छेड़छाड़ की गयी। विरोध करने पर अभियुक्तों ने युवती के भाई को बेरहमी से पीटा और उसकी कार में तोड़फोड़ की। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने सरेआम पीड़िता को दुष्कर्म करने की धमकी भी दी। घटना आनंदपुर थाना अंतर्गत वीआईपी बाजार खालधार इलाके की है। डरी-सहमी पीड़िता ने इस संबंध में आनंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार आनंदपुर रोड निवासी और पेशे से वकील पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि गत 14 जून को रात करीब 8:40 से 9:00 बजे के बीच वह अपने भाइयों सौरभ झा और नीरज झा के साथ कार से वीआईपी बाजार खालधार इलाके से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने कार के पास आकर पीड़िता पर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी की, जिससे सार्वजनिक स्थान पर उनका घोर अपमान हुआ।
पीड़िता के अनुसार, जब उनके भाई ने कार का शीशा नीचे कर युवक की इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने जबरन उनकी कार की चाबी निकालने की कोशिश की। मामला बढ़ता देख जब महिला वकील ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करना चाहा, तो आरोपी ने तुरंत अपने 9-10 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी हमलावर आक्रामक हो गए और गाली-गलौज करते हुए उनके भाई को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने उनकी कार पर स्क्रैच मारकर गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। हैरानी की बात यह रही कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना के दौरान आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से पीड़िता को डराया-धमकाया और सरेआम दुष्कर्म करने की अत्यंत आपत्तिजनक धमकी दी। इस घटना से पीड़िता और उनका परिवार गहरे मानसिक सदमे और असुरक्षा के माहौल में है। फिलहाल पुलिस पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।