

कोलकाता : महानगर में एक पिता ने अपनी ही 5 महीने की दुधमुंही बच्ची की हत्या कर उसके शव को डस्टबिन में फेंक दिया। घटना मैदान थाना इलाके की है। पुलिस ने इस अमानवीय कृत्य के आरोप में देबोजीत जाना को गिरफ्तार किया है। शनिवार को अभियुक्त को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 22 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
रोने पर आया गुस्सा, मुक्कों से की पिटाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना करीब तीन-चार दिन पहले की है। आरोपी देवोजित शराब का आदी है और उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है। घटना की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बिस्तर पर लेटी 5 महीने की बच्ची लगातार रोने लगी। शराब के नशे में धुत पिता को बच्ची का रोना इतना नागवार गुजरा कि उसने उसे चुप कराने के लिए मुक्कों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
प्लास्टिक में लपेटकर डस्टबिन में फेंका शव
पिटाई के कुछ देर बाद जब बच्ची ने हलचल बंद कर दी, तो आरोपी को अहसास हुआ कि उसकी मौत हो चुकी है। अपराध को छिपाने के लिए उसने मासूम के शव को एक प्लास्टिक की थैली में भरा और पास के एक डस्टबिन में फेंक दिया। अगले दिन सुबह कचरा उठाने वाली गाड़ी आई और वह कचरे के साथ बच्ची के शव को भी लेकर चली गई।
अपहरण के शक ने खोला राज
इलाके के लोगों को जब बच्ची काफी समय तक दिखाई नहीं दी, तो उन्हें अपहरण का संदेह हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने जब बच्ची की तलाश शुरू की और पिता देवोजित से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्ची की मौत के बाद उसने उसे ठिकाने लगा दिया था।
शव की तलाश में जुटी पुलिस
हैरानी की बात यह है कि पुलिस अभी तक बच्ची का शव बरामद नहीं कर पाई है। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस की टीमें धापा डंपिंग ग्राउंड और शहर के अन्य संभावित इलाकों में शव की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब 22 मई तक पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ कर शव की सटीक लोकेशन पता लगाने की कोशिश की जाएगी।