नाबालिग की शादी कराने के आरोप में पिता, पति और सास गिरफ्तार

सरकारी योजना की राशि से सामने आया मामला
Kolkata
पिता, पति और सास गिरफ्तार
Published on

कोलकाता : हरिदेवपुर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की की शादी कराने और उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नाबालिग का पिता, उसका पति और सास शामिल हैं। पुलिस ने मामले में बाल विवाह, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना के नोडाखाली इलाके की रहने वाली किशोरी करीब डेढ़ महीने पहले घर से लापता हो गई थी। बताया गया कि वह हरिदेवपुर निवासी एक युवक के साथ चली गई। बाद में युवक नाबालिग से शादी कर उसे अपने घर ले आया।

किशोरी की उम्र कम होने की जानकारी होने के बावजूद नाबालिग की सास ने उसे बहू के तौर पर अपने घर में रहने दिया।

सरकारी योजना की राशि से सामने आया मामला

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग के बैंक खाते में सरकार की ‘कन्यारत्न’ योजना के तहत मिलने वाली राशि जमा हुई थी। इसके बाद उसके पिता ने ससुराल पक्ष से संपर्क किया और कथित तौर पर कहा कि उसे बेटी के ससुराल में रहने से आपत्ति नहीं है, बशर्ते योजना के तहत मिलने वाली मासिक राशि उसे दी जाए।

पुलिस के अनुसार, पिता ने फोन पर अपनी बेटी से भी रकम निकालकर उसे देने के लिए कहा। किशोरी के इनकार करने के बाद उसने स्थानीय एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से संपर्क किया और बेटी की अवैध शादी कराए जाने की शिकायत की। NGO की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में पिता की भूमिका पर भी सवाल

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि किशोरी के लापता होने के बाद उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस का आरोप है कि पिता को बेटी की शादी की जानकारी थी और उसने इस तथ्य को छिपाए रखा।

अधिकारियों के मुताबिक, बेटी से रकम हासिल करने की कोशिश नाकाम होने के बाद ही उसने पुलिस की मदद ली। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in