गांजा तस्करी के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार

बागुईआटी से 2.2 किलो गांजा बरामद
 गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार युवक
गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार युवक
Published on

कोलकाता :गांजा की अवैध तस्करी के एक मामले में कोलकाता पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाप-बेटे को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अशेष विश्वास और उसके बेटे सायन विश्वास के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को बागुईआटी इलाके से उस समय पकड़ा गया, जब वे गांजा की तस्करी में संलिप्त पाए गए।

लालबाजार स्थित नारकोटिक्स सेल के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बागुईआटी इलाके में एक ठिकाने से लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी की योजना बनाई और शनिवार को जाल बिछाकर अशेष विश्वास और उसके बेटे सायन विश्वास को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त किए गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर कोलकाता लाया जाता था और यहां विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। आरोपित पिता-पुत्र लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और बागुईआटी इलाके को अपना मुख्य अड्डा बनाए हुए थे।

रविवार को दोनों आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। अदालत में सरकारी वकील राधानाथ रॉय ने बताया कि यह एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का मामला है, जिसमें गिरफ्तार पिता-पुत्र ही मुख्य सरगना हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए आरोपितों से पूछताछ जरूरी है।

अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपितों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार को दोनों को कोलकाता की नगर दायरा अदालत स्थित विशेष एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in