मेडिकल में एमडी कोर्स में दाखिले के नाम पर 30 लाख की ठगी, एक गिरफ्तार

बैंकशाल कोर्ट ने 10 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मेडिकल कॉलेज में एमडी कोर्स में दाखिला दिलाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में लालबाजार के एआरएस के अधिकारियों ने मौसम बनर्जी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी दुर्गापुर का निवासी बताया गया है। बुधवार को पुलिस ने उसे बैंकशाल कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 10 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दिया।

सरकारी वकील ने अदालत में आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता से मेडिकल में एमडी कोर्स में दाखिला दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद शिकायतकर्ता को किसी मेडिकल कॉलेज में दाखिला नहीं मिला। इसके बाद भी आरोपी ने कथित तौर पर पैसे वापस नहीं किए। सरकारी वकील के अनुसार, आरोपी पर अपनी पहचान के बारे में गलत जानकारी देकर शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि इस मामले के पीछे किसी गिरोह की संलिप्तता होने की आशंका है। पूरे मामले का खुलासा करने और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस हिरासत में पूछताछ जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 10 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कथित ठगी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in