पुलिस बनकर ऑफिस में घुसे ‘स्पेशल 26’, फिर उड़ा लिये 2 करोड़ रुपये

टॉलीगंज के प्रतापादित्य रोड की घटना, एक गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में फिल्मी स्टाइल में पुलिस बनकर एक ऑफिस में घुसा जालसाजों का गिरोह 2 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। घटना शुक्रवार को टॉलीगंज थानांतर्गत प्रतापादित्य रोड में हुई। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से 5 लाख रुपये भी बरामद किये गये हैं। शनिवार को अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जालसाजों का गिरोह प्रतापादित्य रोड स्थित एक ऑफिस में दाखिल हुआ। आरोप है कि जालसाजों ने खुद को पुलिस कर्मी बताया और ऑफिस में अवैध क्रियाकलाप चलने की बात कहकर वहां पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आरोप है कि फर्जी पुलिस कर्मियों ने ऑफिस में मौजूद कर्मियों को डराया और धमकाया और उनसे वहां मौजूद नकद रुपये के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि अभियुक्त ऑफिस में मौजूद करीब 2 करोड़ रुपये लेने के बाद वहां से फरार हो गये। बाद में जब कर्मियों को अहसास हुआ कि उनके ऑफिस में फर्जी पुलिस कर्मी आये थे तो उन्होंने टॉलीगंज थाने में घटना की शिकायत दर्ज करायी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस के डीडी और टॉलीगंज थाने के अधिकारी मामले की जांच में जुट गये। जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर पुलिस ने जालसाजों के गिरोह में शामिल एक अभियुक्त को चिह्नित किया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। यहां उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले पोस्ता थानांतर्गत दिगंबर जैन टेम्पल रोड में एक चांदी कारोबारी के कर्मचारी से पुलिस बनकर जालसाजों ने 2.50 लाख रुपये चुरा लिये थे। इस मामले में भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्ता में जालसाज हेलमेट पहनकर पहुंचे थे। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे दूसरे राज्य से आए गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस दोनों ही घटनाओं की जांच कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in