जीएसटी अधिकारी बनकर ज्वेलरी शोरूम से 1.98 किलो सोने के गहने लेकर फरार हुए जालसाज

पार्क स्ट्रीट के कर्णानी मेंशन स्थित शोरूम में वारदात
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

दस्तावेजों में हेराफेरी का आरोप लगाकर सोना किया जब्त

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर ज्वेलरी शोरूम में पहुंचे कुछ जालसाजों द्वारा दिनदहाड़े करीब दो किलो सोने के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना पार्क स्ट्रीट स्थित कर्णानी मेंशन के एक ज्वेलरी कार्यालय की है। आरोप है कि जालसाजों ने स्टॉक की जांच करने के बहाने शोरूम से सोने के गहने निकलवाए और बाद में दस्तावेजों में गड़बड़ी का आरोप लगाकर उन्हें जब्त करने की बात कही। इसके बाद करीब 1,981 ग्राम सोने के गहने लेकर वे एक कर्मचारी को भी अपने साथ ले गए। आरोप है कि लूटे गये आभूषण की कीमत बाजार में 2.50 करोड़ रुपये है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे दो नामजद आरोपियों के साथ कुछ अन्य लोग पार्क स्ट्रीट स्थित कर्णानी मेंशन में संचालित एक ज्वेलरी के कार्यालय में पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताया। इसके बाद आरोपियों ने शोरूम में रखे सोने के गहनों के स्टॉक की जांच करने की बात कही। इस बहाने उन्होंने कर्मचारियों से गहने बाहर निकलवाए। आरोप है कि जांच के दौरान दस्तावेजों में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने सोने के गहनों को जब्त करने की बात कही और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी कुल 108 सोने की चूड़ियां और 20 सोने के कंगन अपने साथ ले गए। इन सभी गहनों का कुल वजन लगभग 1,981.780 ग्राम बताया गया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अपने साथ शोरूम के एक कर्मचारी को भी ले गए। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वे जब्त किए गए गहनों और कर्मचारी को लेकर जीएसटी कार्यालय जा रहे हैं। हालांकि, इसके बाद से न तो कर्मचारी का कोई पता चल पाया है और न ही जब्त किए गए सोने के गहनों के संबंध में कोई जानकारी मिल सकी है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों और उनके अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News