विदेशियों से ठगी करने वाला बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार

अभियुक्त को 5 सितंबर तक पुलिस रिमांड
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में एक फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ब्रिटेन के नागरिकों को टेक्निकल सपोर्ट देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने धर दबोचा है। लालबाजार के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय साव को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है।

तकनीकी मदद के नाम पर चुराते थे गोपनीय दस्तावेज

शनिवार को पुलिस ने आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने अदालत में दलील देते हुए कहा कि आरोपी अपने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए ब्रिटेन के नागरिकों को फोन करता था। वहां के लोगों को टेक्निकल सपोर्ट देने का लालच देकर उनके गोपनीय दस्तावेज व डेटा हासिल कर लेता था और फिर उनके साथ बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देता था।

बाकी 4 आरोपियों की जेल हिरासत

सरकारी वकील ने इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क की गहराई से जांच और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजने की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी अजय साव को 5 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया। वहीं, इस फर्जी कॉल सेंटर मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके अन्य चार आरोपियों को भी शनिवार को अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन चारों आरोपियों को भी 5 सितंबर तक जेल हिरासत में भेजने का आदेश जारी किया है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in