

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बेटी की किस्मत संवारने और उसके गृह-दोष दूर करने का झांसा देकर एक ‘ढोंगी’ ज्योतिषी ने पर्णश्री इलाके की एक बुजुर्ग महिला से 7.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने महिला से धोखे से दस्तखत किए हुए ब्लैंक चेक हासिल कर कई किस्तों में लाखों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी देकर उनके सोने के गहने भी ऐंठ लिए। इस मामले में पीड़िता ने पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और जबरन वसूली समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्लैंक चेक लेकर रची ठगी की साजिश
पुलिस के अनुसार, पर्णश्री की रहने वाली पीड़िता अपनी बेटी के बेहतर भविष्य और ग्रह-दोष निवारण के लिए अप्रैल महीने में इलाके में स्थित एक ज्योतिषी के पास गई थीं। आरोपी की पहचान कार्तिक दास के रूप में हुई है, जो इलाके में ''विजय दास'' के नाम से अपना चैंबर चलाता था। महिला की स्थिति का अंदाजा लगाकर ज्योतिषी ने ठगी की योजना बनाई। उसने महिला को दो महीने तक हर हफ्ते चैंबर आने और विभिन्न रत्न धारण करने की सलाह दी। शुरुआती मुलाकातों में वह फीस के तौर पर चेक लेता रहा।
पासबुक अपडेट कराने पर हुआ भंडाफोड़
बुजुर्ग महिला ने उस पर भरोसा कर दस्तखत किए हुए खाली चेक दे दिए।तकरीबन एक महीने बाद जब महिला ने बैंक जाकर अपनी पासबुक अपडेट कराई, तो उनके होश उड़ गए। उनके बचत खाते से 7.50 लाख रुपये पर्णश्री और सरसुना स्थित ज्योतिषी के बैंक खातों में कई किस्तों में ट्रांसफर किए जा चुके थे।
धमकी देकर गहने भी छीने
ठगी का अहसास होने पर जब बुजुर्ग महिला ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने महिला और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। डर और भय का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के सोने के दो हार, चूड़ियां, झुमके और अन्य गहने भी ऐंठ लिए और फरार हो गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।