

सोनारपुर: ऐप बाइक चालक मोहम्मद महबूब पर फोन लूटने की कोशिश में असफल रहने के बाद दो किशोरों ने चॉपड़ से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सोनारपुर इलाके में रात करीब 1:30 बजे हुई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद महबूब बारुईपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मल्लिकपुर स्थित फरीदपुर का निवासी है। वह रात को अपने काम से लौट रहा था और गरिया-बारुईपुर रोड होते हुए मालंचा के रास्ते मल्लिकपुर रोड की ओर जा रहा था। जब वह सोनारपुर और बारुईपुर पुलिस थानों की सीमा पर स्थित सरकार चौराहे के पास पहुँचा, तो दो अंधेरी और सुनसान जगह पर अचानक दो व्यक्ति उसकी बाइक के सामने आकर खड़े हो गए।
जैसे ही महबूब ने बाइक की गति धीमी की, दोनों किशोरों ने बाइक का हैंडल पकड़ लिया और उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। महबूब ने इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपितों ने चॉपड़ से उसके शरीर पर कई बार वार किए। चोट लगने के बाद महबूब दर्द से चीखने लगा।
इस दौरान दोनों आरोपित उसका मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे, लेकिन महबूब ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक से उनका पीछा किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर कुछ स्थानीय लोग सड़क पर आ गए और तुरंत दोनों किशोरों को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर सोनारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महबूब को सुभाषग्राम ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय निवासियों ने आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों किशोरों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है ताकि नागरिकों को सुरक्षित महसूस हो। बारुईपुर पुलिस के अधिकारी घटना की जांच में जुट गई। इलाके में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।