'हकीकत समझें वरना पार्टी को होगा नुकसान'

कल्याण बनर्जी ने ममता को दी नसीहत
File photo
File photo
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को जमीनी हकीकत समझने की सलाह देते हुए कहा कि वह उनके प्रति सम्मान और निष्ठा रखते हैं, लेकिन केवल कुछ लोगों की बात पर भरोसा कर फैसले लेने से पार्टी को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के लिए वह हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं, लेकिन "जो चाहे कह दें और वही अंतिम फैसला हो जाए, ऐसा नहीं चल सकता।"

21 जुलाई की शहीद दिवस रैली में भाषण की अवधि को लेकर मंच पर ममता बनर्जी और कल्याण बनर्जी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद कल्याण ममता के भाषण का इंतजार किए बिना मंच छोड़कर चले गए। पहले उन्होंने इसकी वजह अस्वस्थता बताई थी, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि वह इस घटना से आहत थे।

उनका दावा है कि उन्होंने करीब 22 मिनट भाषण दिया, जबकि किसी ने ममता बनर्जी को गलत जानकारी दी कि उनका भाषण एक घंटे तक चला। कल्याण ने साफ किया कि वह तृणमूल नहीं छोड़ेंगे और भाजपा के खिलाफ पार्टी में रहकर ही संघर्ष करेंगे।

साथ ही उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर भी परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा कि राजनीति केवल कालीघाट या घर तक सीमित रहने से नहीं होती, बल्कि जनता के बीच जाकर विरोध, अपमान और संघर्ष का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ममता बनर्जी समय रहते जमीनी वास्तविकता को नहीं समझेंगी, तो उनकी बनाई पार्टी को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in