

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बेलियाघाटा थाना क्षेत्र में फ्लैट पर कब्जा करने, बंदूक की नोक पर डराने-धमकाने और मारपीट करने के मामले में स्थानीय टीएमसी नेता राजू नस्कर और उनके 50 अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फ्लैट देने में टालमटोल के बाद गुंडागर्दी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित अर्णव दे अविनाश चंद्र बनर्जी लेन स्थित एक फ्लैट में किराएदार थे। 10 जनवरी 2017 को उन्होंने उक्त संपत्ति के डेवलपर शक्ति पद धर के साथ एक समझौता किया था। समझौते के तहत उन्हें 350 वर्ग फुट का कवर्ड एरिया दिया जाना था। हालांकि, 9 मई 2022 तक डेवलपर द्वारा उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं सौंपा गया।
हथियार दिखाकर जबरन दस्तखत करवाए
आरोप है कि 12 मई 2022 की रात लगभग 9:30 बजे, स्थानीय टीएमसी नेता राजू नस्कर ने अपने सहयोगियों को अर्णव दे के 46B, बेलियाघाटा मेन रोड स्थित आवास पर भेजा। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन उठाकर राजू नस्कर के कार्यालय ले गए। वहां हथियारों का डर दिखाकर उनसे मात्र 2.50 लाख रुपये के बदले 350 वर्ग फुट के उक्त फ्लैट पर अपना अधिकार छोड़ने के कागजातों पर दस्तखत करवा लिए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।