शनिवार की सुबह विस्फोटके उड़ी क्लब की छत
शनिवार की सुबह विस्फोटके उड़ी क्लब की छत

पाइकपाड़ा के बंद क्लब में तेज विस्फोट, टिन की छत उड़ी

बीडीएस ने घटनास्थल से 6 बम जैसी वस्तु बरामद किया
Published on

कोलकाता : महानगर में शनिवार की सुबह एक बंद क्लब में हुए तेज विस्फोट से पूरा इलाका कांप उठा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि क्लब की टिन की छत उड़कर पास की छह मंजिली इमारत की छत पर जा गिरी। धमाके के बाद क्लब के कमरे में आग भी लग गई। घटना चितपुर थानांतर्गत पाइकपाड़ा के गांगुलीबागान इलाके की है। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। विस्फोट की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि क्लब के भीतर बम रखे हुए थे। कई धमाकों की आवाज से पूरे पाइकपाड़ा इलाके में दहशत फैल गई। अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लालाबाजार के डीडी और बीडीएस विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल से 6 बम जैसी वस्तु बरामद की। पुलिस ने घटनास्थल को घेर दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह 6 बजे जब पाइकपाड़ा के गांगुलीबागान इलाके में स्थानीय लोग सो रहे थे तभी वहां पर तेज विस्फोट की आवाजें सुनायी दीं। अपने मकान से बाहर निकलने पर लोगों ने एक-एक कर 5 विस्फोट की आवाज सुनी। विस्फोट के कारण क्लब भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। दीवारें टूट गई हैं और अंदर बम जैसे पदार्थ पड़े होने का भी आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। कुछ लोगों का कहना है कि इलाके के कुछ लोग इस घटना में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस क्लब की जमीन पर प्रमोटिंग को लेकर भी कुछ लोगों की नजर थी। विस्फोट के कारण क्लब की टीन की छत उड़ गयी और वह बगल की इमरात की छत पर जा गिरी।

एक स्थानीय निवासी ने बताया, ‘हम लोग सो रहे थे। सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो पास के घर में आग लगी हुई थी। सामने के घर से 20–25 बाल्टी पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई। यह क्लब काफी समय से परित्यक्त पड़ा था। हम चाहते हैं कि पुलिस पता लगाए कि यह किसने और क्यों किया, नहीं तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।’

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने, पुलिस पिकेट तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। विस्फोट की सूचना मिलने के करीब 20–25 मिनट के भीतर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। चितपुर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in