

कोलकाता : आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र प्रशासन ने सभी जिलों को तत्काल प्रभाव से इंटीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जारी आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि कंट्रोल रूम में जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस आयुक्त/पुलिस अधीक्षक तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जिला समन्वयक के अधिकारी तैनात रहेंगे। निर्देशानुसार, संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो कंट्रोल रूम का प्रभारी होगा और उसकी समस्त गतिविधियों की निगरानी करेगा। कंट्रोल रूम के प्रमुख कार्यों में संवेदनशील स्थलों पर स्थापित स्टैटिक सर्विलांस टीम के नाका प्वाइंट्स की लाइव मॉनिटरिंग, फ्लाइंग स्क्वाड टीम वाहनों की निगरानी तथा जिले के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड पर नजर रखना शामिल है। इसके अतिरिक्त पूरे जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीएपीएफ और स्थानीय पुलिस बल के मूवमेंट का समन्वय, कॉम्बिंग ऑपरेशन, एरिया डोमिनेशन तथा अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी गतिविधियों का संचालन भी इसी कंट्रोल रूम के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन ने इस मामले को अत्यंत गंभीर और तात्कालिक बताते हुए इसे चुनावी प्राथमिकता में सर्वोच्च स्थान देने को कहा है।