

कोलकाता : शेक्सपियर सरणी थाना अंतर्गत कैमेक स्ट्रीट स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलरी प्रतिष्ठान से 13 लाख का सोना लेकर कारीगर फरार हो गया। आरोप है कि गहने बनाने के नाम पर वह करीब 96.520 ग्राम सोना लेकर गया लेकिन उसे नहीं लौटाया। शिकायत के आधार पर शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फर्म के पार्टनर ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी प्रदीप पॉल, जो उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम बाजार स्थित देशबंधु रोड का निवासी है, पिछले लगभग 25 वर्षों से फर्म के लिए कारीगर के रूप में कार्य कर रहा था। लंबे समय से बने व्यावसायिक संबंधों के चलते फर्म उसे नियमित रूप से चालान के माध्यम से सोना देकर आभूषण तैयार करवाती थी। शिकायत के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को आरोपी को 81.950 ग्राम तथा 6 मई 2026 को 60.140 ग्राम 22 कैरेट सोना दिया गया था। इस दौरान उसने कुछ तैयार आभूषण वापस किए, लेकिन फर्म के रिकॉर्ड के मुताबिक 29 जून 2026 तक उसके पास 96.520 ग्राम सोना बकाया रह गया। आरोप है कि जब फर्म ने बकाया सोना या तैयार आभूषण लौटाने के लिए उससे संपर्क किया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में 10 जुलाई 2026 से उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह अपने निवास से भी लापता बताया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।