3,788 रुपये की 1.5 किलो पद्मा हिल्सा लेकर फरार हुई बुजुर्ग महिला

मछली बाजार में बुजुर्ग महिला ने की चालाकी
Kolkata
बुजुर्ग महिला ने की चालाकी
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में हिल्सा मछली के सीजन के बीच मध्यमग्राम के एक व्यस्त मछली बाजार में ऐसी घटना सामने आई, जिसने दुकानदार को हैरान कर दिया।

कालिबाड़ी बाजार में एक बुजुर्ग महिला कथित तौर पर करीब 1.5 किलो वजन की पद्मा हिल्सा, जिसकी कीमत 3,788 रुपये थी, बिना भुगतान किए लेकर चली गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। महिला ने खुद को स्थानीय कपड़ा दुकान की मालकिन बताकर मछली विक्रेता का भरोसा जीता था।

बड़ी हिल्सा पसंद की, भाव-ताव के बाद भुगतान का दिया भरोसा

मछली विक्रेता की माने तो महिला बाजार में उसकी दुकान पर पहुंची और सबसे बड़ी हिल्सा मछली पसंद की। करीब 1.5 किलो वजन वाली मछली की कीमत 3,788 रुपये तय हुई। बातचीत के बाद दुकानदार ने 88 रुपये कम कर दिए।

इसके बाद मछली को साफ कर काटने के बाद पैक कर दिया। जब भुगतान करने की बारी आई तो महिला ने बताया कि उसकी कपड़े की दुकान बाजार के सामने काठगोला इलाके में है और वह वहां से पैसे लेकर तुरंत लौट आएगी। महिला की उम्र और पहनावे पर भरोसा करते हुए दुकानदार ने उसे जाने दिया। इतना ही नहीं, उसने महिला के लिए रिक्शा भी बुलवा दिया।

दुकान का पता भी निकला गलत

रिक्शा चालक के अनुसार, महिला को बाजार से करीब 200 मीटर दूर काठगोला में उतारा गया। रास्ते में वह फोन पर बात करती रही और कथित तौर पर कहती रही कि दुकान उसके परिवार की है और मछली विक्रेता वहां जाकर पैसे ले सकता है।

लेकिन काठगोला इलाके के दुकानदारों ने ऐसी किसी महिला या दुकान के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला का कोई पता नहीं चला। दुकानदार का आरोप है कि जाने से पहले महिला ने उससे 300 रुपये भी उधार लिए थे, जिन्हें लौटाने का भरोसा दिया था।

पीड़ित दुकानदार ने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी। वहीं CCTV फुटेज में महिला की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर बाजार समिति उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in