पार्क स्ट्रीट में लूट का विरोध करने पर वृद्ध पर धारदार हथियार से हमला

घायल वृद्ध अस्पताल में है इलाजरत
पार्क स्ट्रीट में लूट का विरोध करने पर वृद्ध पर धारदार हथियार से हमला
Published on

कोलकाता : महानगर में देर रात घर लौट रहे वृद्ध द्वारा लूट का विरोध करने पर उसपर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में वृद्ध बुरी तरह घायल हो गया। उसे रक्तरंजित अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पार्क स्ट्रीट थानांतर्गत मल्लिक बाजार क्रॉसिंग के निकट की है। घायल वृद्ध का नाम रतन लाल (65) है। पुलिस घटना के बाद से फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात लगभग 12:30 बजे, वृद्ध पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के नोनापुकुर ट्राम डिपो की ओर जाने वाली सड़क से होते हुए घर जा रहा था। कथित तौर पर उसी समय तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। अभियुक्तों ने वृद्ध का मोबाइल फोन और रुपये चुराने की कोशिश की। वृद्ध ने अभियुक्तों का विरोध किया और धक्का-मुक्की शुरू हो गयी। आरोप है कि हमलावरों ने वृद्ध पर धारदार हथियार से कई बार वार कर दिया। घायल वृद्ध रक्तरंजित अवस्था में अभियुक्तों के चंगुल से बचकर भाग गया। अपराधियों ने उसका पीछा किया। बाद में मल्लिक बाजार क्रॉसिंग पर स्थानीय लोग और पुलिस को देख घायल वृद्ध ने मदद मांगी। वृद्ध ने पुलिस को सब कुछ बता दिया। इस बीच, पुलिस ने घायल रतन को बचाया और उसे कोलकाता नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इलाके के सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है। जांचकर्ता हत्या के प्रयास और डकैती के प्रयास का मामला दर्ज करके अपराधियों की तलाश कर रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in