

कोलकाता : महानगर में कर्ज लिये गये रुपये का ब्याज नहीं देने पर काबुलीवाला ने वृद्ध दंपति पर हमला कर दिया। हमले के वृद्ध की तबीयत बिगड़ गयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना बेहला थानांतर्गत टॉलीगंज सर्कुलर रोड इलाके की है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार ने बेहला थाने में काबुलीवाला के खिलाफ अनैच्छिक हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, टॉलीगंज सर्कुलर रोड के निवासी एक महिला ने शिकायत की कि उनके पिता ने कई साल पहले एक काबुलीवाला अहमद से 70 हजार रुपये उधार लिये थे। कुछ राशि लौटा दी गई थी, लेकिन बाकी नहीं चुकाई जा सकी। उसके बाद काबुलीवाला से संपर्क टूट गया। हाल ही में एक रात को एक काबुलीवाला उनके घर आया और खुद को अहमद का भाई हजरत बताकर ब्याज सहित पूरी रकम वापस मांगी। इस बात पर महिला के पिता और काबुलीवाला के बीच बहस हुई। बहस के दौरान आरोपित ने महिला के वृद्ध माता-पिता से कथित तौर पर मारपीट की और अपमानित किया। इस घटना के बाद वृद्ध की तबीयत और बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर काबुलीवाला मौके से फरार हो गया। हालत खराब होने पर बुजुर्ग को एमआर बांगुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।