विश्वकर्मा पूजा पर ईएफसी लॉजिस्टिक्स का सेवा अभियान

रानीहाटी परिसर में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, 500 से अधिक लोगों की हुई चिकित्सकीय जांच
Kolkata
ईएफसी लॉजिस्टिक्स का सेवा अभियान
Published on

कोलकाता: विश्वकर्मा पूजा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ईएफसी लॉजिस्टिक्स इंडिया की ओर से रानीहाटी स्थित कंपनी परिसर में व्यापक रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस शिविर में परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों, ड्राइवरों, स्थानीय निवासियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

आयोजकों के अनुसार, शिविर के दौरान 300 से अधिक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान अभियान में भारतीय सेना की टीम ने भी सहभागिता करते हुए रक्त संग्रह किया। सेना की टीम की मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही और इससे रक्तदान के प्रति लोगों में उत्साह भी देखने को मिला।

500 से अधिक लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

रक्तदान के साथ आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 500 से अधिक लोगों की चिकित्सकीय जांच की गई। शिविर में आंखों, दांतों और सामान्य स्वास्थ्य से संबंधित परीक्षण के अलावा ईसीजी सहित कई आवश्यक चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था की गई थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।

आयोजकों ने बताया कि परिवहन उद्योग से जुड़े कर्मचारियों और श्रमिकों का काम लंबे समय तक सड़क पर रहने, अनियमित दिनचर्या तथा विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों से जुड़ा होता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय सलाह उनके लिए महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता

ईएफसी समूह के चेयरमैन प्रमोद गुप्ता धनानिया ने कहा कि परिवहन उद्योग से जुड़े कर्मचारियों, श्रमिकों और स्थानीय समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण को कंपनी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक दायित्व के तहत समय-समय पर रक्तदान, स्वास्थ्य जांच और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को अचानक पड़ सकती है और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है।

ड्राइवरों के लिए बीमा सुरक्षा की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान ईएफसी लॉजिस्टिक्स इंडिया प्रबंधन की ओर से परिवहन क्षेत्र से जुड़े ड्राइवरों के लिए एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल की भी घोषणा की गई। कंपनी ने अपने ड्राइवरों को पांच लाख रुपये का मेडिक्लेम तथा दस लाख रुपये का जीवन बीमा कवच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

प्रबंधन के अनुसार, सड़क परिवहन व्यवस्था में ड्राइवरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे लंबे समय तक यात्रा करते हुए माल की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में उनके साथ-साथ उनके परिवारों को भी स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

कंपनी ने इस योजना को ड्राइवरों के प्रति सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों अथवा किसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना की स्थिति में बीमा सुरक्षा उनके और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहारा उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है।

सेना के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

शिविर में भारतीय सेना के अधिकारियों एवं कर्मियों के अलावा परिवहन और लॉजिस्टिक्स उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्यमी, चिकित्सक तथा सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच अभियान को जनहित से जुड़ी पहल बताते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in