कोयला तस्करी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई

ED.
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिन्मय मंडल को गिरफ्तार किया है। अदालत ने उन्हें 20 फरवरी तक ईडी हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। वहीं सह-आरोपी किरण खां को 24 फरवरी तक न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को कोलकाता के नगर सत्र अदालत में मुख्य न्यायाधीश सुकुमार राय की अदालत में पेश किया गया, जहां ईडी ने उनकी जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया।

ईडी के सूत्रों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान किरण खां ने अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया था। जांच एजेंसी ने उस क्षतिग्रस्त मोबाइल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का मानना है कि फोन से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिल सकते हैं, जो मामले की कड़ियों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।

ईडी का दावा है कि झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी का एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय था। जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर मामा-भांजे की जोड़ी कर रही थी। आरोप है कि अवैध वसूली और तस्करी से प्राप्त रकम को विभिन्न माध्यमों से सफेद किया जाता था।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी आरोपियों के व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल डेटा के जरिए अवैध लेनदेन की रकम का पता लगाने की कोशिश कर रही है। एजेंसी इस बात की भी जांच कर रही है कि इस कथित भ्रष्टाचार के जरिए कितनी संपत्ति अर्जित की गई और उसे किन-किन माध्यमों से निवेश या छिपाया गया।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और ईडी का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in