1109 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में बड़ाबाजार में ईडी का छापा

बंगाल-ओडिशा में तलाशी अभियान
ED
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बैंक से कर्ज लेकर कथित धोखाधड़ी के मामले में ओडिशा की एक बिजली आपूर्ति कंपनी के खिलाफ ईडी की जांच चल रही है। इसी मामले में ED ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कोलकाता के बड़ाबाजार, पोस्ता समेत करीब 9 ठिकानों पर ED की तलाशी अभियान चली। जांच एजेंसी को आशंका है कि ओडिशा से कथित तौर पर अवैध तरीके से धन को कोलकाता भी ट्रांसफर किया गया। हालांकि, जांच का मुख्य फोकस ओडिशा स्थित कंपनी के कार्यालयों पर है। केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, भुवनेश्वर स्थित एक बिजली आपूर्ति कंपनी ने बैंक से करीब 1,109 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि कंपनी के माध्यम से इस कर्ज की बड़ी रकम का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया और विभिन्न माध्यमों से उसे दूसरी जगहों पर स्थानांतरित किया गया। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में CBI पहले भी कोलकाता के बड़ाबाजार और पोस्ता इलाकों में तलाशी ले चुकी है। अब ED यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक से लिए गए कर्ज की रकम को किस तरीके से और किन रास्तों से कथित तौर पर दूसरी जगह भेजा गया।
जांच एजेंसी की नजर संबंधित बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी
राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद विभिन्न कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों में केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी है। पिछले सप्ताह पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कई ठिकानों पर भी ED ने छापेमारी की थी। दुर्गापूजा पास से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में उनसे पूछताछ भी की गई थी। अब करीब 1,109 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में कोलकाता के साथ-साथ ओडिशा के कई स्थानों पर ED की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य कथित वित्तीय लेन-देन और धन के हस्तांतरण की पूरी कड़ी का पता लगाना है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in