टीएमसी को बड़ा झटका, ईडी ने ₹440 करोड़ के बैंक लेन-देन पर लगाई रोक

ED.
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : ईडी ने तृणमूल कांग्रेस की 440 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि के लेन-देन पर रोक लगायी हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17(1-ए) के तहत आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 440.42 करोड़ रुपये की यह राशि तृणमूल कांग्रेस के तीन निजी बैंक खातों में जमा है। मंगलवार को कोलकाता में पांच ठिकानों पर छापेमारी की गई। इनमें केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज के परिसर भी शामिल थे।

यह समूह केयरवेल एविएशन नाम से निजी विमान किराये पर उपलब्ध कराने वाली कंपनी का भी संचालन करता है। अधिकारियों के अनुसार, ईडी की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच टीएमसी के बैंक खातों से करीब 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी एक अन्य कंपनी को अंतरित किए गए।

आरोप है कि इस कंपनी ने 2023 से 2026 के बीच 82.96 करोड़ रुपये एक नवगठित कंपनी को भी अंतरित किए। जांच में पाया गया कि इस नयी कंपनी के खातों में बड़ी मात्रा में धनराशि भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि इस राशि में से 112 करोड़ रुपये का इस्तेमाल एम्ब्रेयर लेगेसी 600 बिजनेस जेट और एक अगस्तावेस्टलैंड 109 एसपी हेलीकॉप्टर खरीदने में किया गया। अधिकारियों का आरोप है कि इन दोनों विमानन परिसंपत्तियों को टीएमसी को किराये पर उपलब्ध कराया गया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in