ed, kolkata, bengal
ईडी कार्यालय

कोलकाता की कंपनी की आईबीसी प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ ईडी की तलाशी

Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

ईडी ने हाल में दिवाला प्रक्रिया से गुजरने वाली कोलकाता की इंजीनियरिंग कंपनी ‘मैकनैली भारत इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड’ (एमबीईसीएल) के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही जांच के सिलसिले में बुधवार को तीन राज्यों में तलाशी ली। कोलकाता, दिल्ली और बेंगलुरु में करीब 16-17 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। ये परिसर एमबीईसीएल और कंपनी के अधिग्रहण से जुड़े लोगों तथा संस्थाओं से संबंधित हैं। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी की कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत शुरू की गई है। कंपनी हाल में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के माध्यम से कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) से गुजरी थी और बीटीएल ईपीसी कंपनी की समाधान योजना को मंजूरी दी गई थी। इस मामले में अलीपुर, बालीगंज, साल्टलेक समेत महानगर के प्रमुख स्थानों पर छापामारी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि ईडी एमबीईसीएल से जुड़े फेमा के कथित उल्लंघनों तथा कंपनी पर नियंत्रण हासिल करने में इस्तेमाल किए गए धन के स्रोत और उसके लेन-देन की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या दिवाला समाधान प्रक्रिया का इस्तेमाल उन लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से कंपनी का नियंत्रण दोबारा हासिल करने में सक्षम बनाने के लिए किया गया, जो दिवाला एवं दिवालियापन संहिता (आईबीसी), 2016 की धारा 29ए के तहत कंपनी का अधिग्रहण करने के लिए ‘‘संभावित रूप से अयोग्य’’ थे।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in