

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने जनवरी 2026 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन को मान्यता देते हुए ईसीएल मुख्यालय, सांक्टोरिया में आयोजित महाप्रबंधक समन्वय बैठक के दौरान पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार वितरण ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री सतीश झा द्वारा किया गया। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) मो. अंजर आलम, निदेशक (तकनीकी/परिचालन) नीलाद्रि रॉय, निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजनाएँ) गिरिश गोपीनाथन नायर सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जनवरी 2026 के प्रदर्शन के आधार पर परियोजना एवं योजना विभाग को सर्वश्रेष्ठ प्रभाग (समग्र) का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं झांझरा क्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र (प्रथम), पांडवेश्वर क्षेत्र को द्वितीय तथा सतग्राम–श्रीपुर क्षेत्र को तृतीय पुरस्कार मिला। विशेष श्रेणी में एसडीएल/एलएचडी उत्पादकता के लिए काजोरा क्षेत्र, सीएम उत्पादकता के लिए बांकोला क्षेत्र, क्षमता उपयोग के लिए सालानपुर क्षेत्र तथा सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सोदपुर क्षेत्र को सम्मानित किया गया।
पुरस्कार विजेता टीमों को बधाई देते हुए श्री झा ने उनके सतत प्रयासों, अनुशासन तथा उत्पादकता, सुरक्षा और परिचालन दक्षता में सुधार हेतु उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रदर्शन राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में ईसीएल के योगदान को और सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त हुए श्री ओमप्रकाश चौबे, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुगमा क्षेत्र तथा फरवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले श्री अशोक कुमार आनंद, श्री अतनु अधिकारी एवं श्रीमती सुजाता दासगुप्ता को उनके समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एक ऐतिहासिक उपलब्धि का भी उत्सव मनाया गया, जब सुश्री ऐश्वर्या सरकार को डीजीएमएस द्वारा आयोजित प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली ईसीएल की पहली महिला खनन अभियंता बनने पर सम्मानित किया गया। ईसीएल प्रबंधन ने इसे संगठन के लिए गर्व का क्षण बताया।