

कोलकाता: हिंदी पखवाड़े के अवसर पर राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ की पश्चिम बंगाल समिति की ओर से काशीपुर स्थित श्री सनातन धर्म विद्यालय में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार चंद्रिका प्रसाद पांडेय ‘अनुरागी’ ने की, जबकि मुजफ्फरपुर के साहित्यकार डॉ. संजय पंकज मुख्य अतिथि रहे। राधेश्याम सिंह और डॉ. सुशीला ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन रामनाथ बेख़बर, राम पुकार सिंह, डॉ. शिव प्रकाश दास, हीरालाल साव और संजीव कुमार दुबे ने किया।
कवि सम्मेलन में डॉ. संजय पंकज, शिप्रा मिश्रा, रंजीत भारती, डॉ. शाहिद फ़रोग़ी, देवेश मिश्रा, आलोक चौधरी सहित कई रचनाकारों ने अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। डॉ. पंकज को शॉल एवं मां सरस्वती का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।