CWBTA और KMC की संयुक्त पहल से 30 प्रमुख बाजारों में वितरित हुए डस्टबिन

कोलकाता में स्वच्छता की नई अलख
CWBTA और KMC की संयुक्त पहल से 30 प्रमुख बाजारों में वितरित हुए डस्टबिन
Published on

कोलकाता : ‘स्वच्छ कोलकाता, स्वस्थ कोलकाता’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में शुक्रवार को कोलकाता नगर निगम (KMC) और कॉन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशन्स (CWBTA) ने संयुक्त रूप से ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान का सफल आयोजन किया। इस विशेष अभियान के तहत शहर के 30 प्रमुख बाजारों में डस्टबिन वितरित किए गए, ताकि बाजारों में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके और स्वच्छ, सुरक्षित तथा स्वास्थ्यकर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान का मुख्य कार्यक्रम सुबह 11 बजे ऐतिहासिक छातू बाबू बाजार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री स्वामी प्रदीप्तानंद जी महाराज (कार्तिक महाराज जी) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक दायित्व बताते हुए सभी नागरिकों और व्यापारियों से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कोलकाता नगर निगम की प्रशासक श्रीमती स्मिता पांडे ने भी भाग लिया। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छ बाजार ही स्वस्थ समाज की पहचान हैं। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे कचरे का उचित निस्तारण करें, डस्टबिन का नियमित उपयोग करें और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से कोलकाता स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।

CWBTA के अध्यक्ष श्री सुशील पोद्दार ने इस पहल को दूरदर्शी और जनहितकारी बताते हुए कहा कि बाजार किसी भी शहर की आर्थिक धुरी होते हैं। यदि बाजार स्वच्छ और सुव्यवस्थित होंगे तो न केवल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी KMC के साथ मिलकर ऐसे जनजागरूकता अभियानों का आयोजन करता रहेगा।

इस अवसर पर CWBTA के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें वाइस प्रेसिडेंट श्री प्रदीप लुहारिवाला, श्री सी. के. वरदराजन, हॉनरेरी जनरल सेक्रेटरी श्री जे. एल. बार्डिया तथा जॉइंट सेक्रेटरी श्री चंद्रेश मेघानी प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में व्यापारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की।

‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान को व्यापारियों और नागरिकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से बाजारों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और कोलकाता को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी। यह अभियान प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के सहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in