फाइल फोटो
कोलकाता सिटी
दुर्गा पूजा की तैयारियों के कारण 5 दिन बंद रहेगा रेड रोड !
कोलकाता पुलिस ने जारी की गाइडलाइन
कोलकाता :
दुर्गा पूजा उत्सव से जुड़े आयोजनों, भव्य मंच निर्माण और अन्य तैयारियों के मद्देनजर शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक रेड रोड पर वाहनों की आवाजाही को लेकर कोलकाता पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए हैं। मंगलवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 6 अक्टूबर रात 10 बजे से रेड रोड पर ट्रैफिक नियंत्रित या पूरी तरह बंद रहेगा। यह प्रतिबंध 24 घंटे तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि से 10 अक्टूबर की देर रात अथवा 11 अक्टूबर तड़के तक यह मार्ग वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 10 अक्टूबर को ईडन गार्डन्स में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा संबंधित कार्यक्रम के लिए विशाल ढांचे के निर्माण, आधुनिक लाइटिंग, भारी उपकरणों के परिवहन और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग घोषित
रेड रोड बंद रहने के कारण दैनिक यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की घोषणा की है।
उत्तर कोलकाता की ओर जाने वाले वाहन
खिदिरपुर रोड से उत्तर कोलकाता की तरफ जाने वाली गाड़ियों को आवश्यकतानुसार डफरिन रोड और आउटराम रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।
दक्षिण कोलकाता की ओर जाने वाले वाहन
रानी रासमणि एवेन्यू और गवर्नमेंट प्लेस (ईस्ट) के रास्ते दक्षिण कोलकाता जाने वाले वाहनों को मेयो रोड और डफरिन रोड से होकर भेजा जाएगा। पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि त्योहारी सीजन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए न केवल रेड रोड, बल्कि जरूरत पड़ने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी अन्य कनेक्टिंग सड़कों से भी वाहनों का रूट डायवर्ट कर सकेंगे।

