नए अवतार में दिखेंगी 'दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड' की महिला पुलिसकर्मी

मां दुर्गा की छवि वाली विशेष वर्दी और हेलमेट होंगे पहचान
कुछ इस तरह दिखेगा पुलिस कर्मियों कायुनिफॉर्म
कुछ इस तरह दिखेगा पुलिस कर्मियों कायुनिफॉर्म
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शहर में महिलाओं की सुरक्षा को और प्रभावी तथा प्रतीकात्मक बनाने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस ने अपनी महिला स्कूटी पेट्रोलिंग टीम 'विनर्स' का नाम बदलकर 'दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड' कर दिया है। इसके साथ ही इस विशेष स्क्वॉड के लिए मां दुर्गा की छवि से प्रेरित नई वर्दी और आकर्षक हेलमेट भी तैयार किए जा रहे हैं। नई वर्दी में महिला पुलिसकर्मी अपनी नियमित पुलिस ड्रेस के ऊपर गुलाबी और नारंगी रंग का विशेष वेस्टकोट या एप्रन पहनेंगी। वेस्टकोट के सामने और पीछे मां दुर्गा के चेहरे की आकृति होगी, जिसमें उनके त्रिनेत्र से निकलते हुए त्रिशूल का डिजाइन बनाया जाएगा। इसके नीचे अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ लिखा होगा।

शक्ति और सहानुभूति का अनोखा संगम

लालबाजार के अधिकारियों के अनुसार गुलाबी रंग सहानुभूति का प्रतीक है, जबकि नारंगी रंग शक्ति और साहस का संदेश देता है। इस नई पहचान का उद्देश्य यह दर्शाना है कि स्क्वॉड की सदस्य जरूरतमंद महिलाओं के प्रति संवेदनशील रहेंगी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने में पूरी ताकत के साथ कार्रवाई करेंगी। वर्दी में नारंगी रंग के बटन, दोनों ओर बाहरी जेब और अंदरूनी पॉकेट भी होंगे। इसे हल्का, आरामदायक और सभी प्रकार के शारीरिक आकार के अनुरूप बनाया जाएगा, ताकि लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। कोलकाता पुलिस ने फिलहाल ऐसी 110 वर्दियों का ऑर्डर दिया है, जिस पर 2.75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

नई पहचान के साथ मिलेगा विशेष हेलमेट

'दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड' की सदस्यों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए गुलाबी रंग के हेलमेट भी तैयार किए जाएंगे। हेलमेट के ऊपरी हिस्से पर कोलकाता पुलिस का लोगो होगा। इसे पूरी तरह सुरक्षित डिजाइन के साथ बनाया जाएगा, जिसमें ठोड़ी की सुरक्षा, बेहतर वेंटिलेशन और आरामदायक मल्टी-लेयर आंतरिक कुशनिंग की व्यवस्था होगी। पुलिस ने निर्देश दिया है कि हेलमेट का आगे का पारदर्शी शीशा उच्च गुणवत्ता का हो, जिस पर आसानी से खरोंच न आए और ड्यूटी के दौरान स्पष्ट दृश्यता बनी रहे। फिलहाल 80 हेलमेट तैयार कराने का ऑर्डर दिया गया है, जिस पर 1.08 लाख रुपये खर्च होंगे। कोलकाता पुलिस का मानना है कि 'दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड' की यह नई वर्दी और हेलमेट केवल एक ड्रेस कोड नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, संवेदनशीलता और सशक्तीकरण का नया प्रतीक बनेंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in