दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश थमने के नहीं है आसार, मौसम विभाग का अनुमान

पंचमी से सप्तमी तक मध्यम बारिश और अष्टमी से दशमी तक भारी बारिश का अनुमान
दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश थमने के नहीं है आसार, मौसम विभाग का अनुमान
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : इस साल दुर्गा पूजा की खुशियों के बीच बारिश खलल डाल सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि षष्ठी से लेकर दशमी तक दक्षिण बंगाल के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवातीय परिसंचरण बन रहा है, जिससे पूजा के दौरान मौसम अस्थिर बना रहेगा।

27 सितंबर, यानी पंचमी से लेकर 29 सितंबर, सप्तमी तक राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि अष्टमी (30 सितंबर) से दशमी (2 अक्टूबर) तक बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है और कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

विशेष रूप से कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पूर्व बर्दवान, मुर्शिदाबाद और नादिया जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इसके चलते दुर्गा पूजा के पंडालों में भीड़भाड़ और विसर्जन की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।

उत्तर बंगाल की बात करें तो वहां पिछले दिनों की तुलना में बारिश में थोड़ी कमी आई है, लेकिन आज और सोमवार को कुछ उत्तरी जिलों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। सप्ताहांत तक उत्तर बंगाल में भी बारिश की गतिविधियों में फिर से वृद्धि हो सकती है।

मौसम विभाग की इस चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन और पूजा आयोजकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और त्योहार का उल्लास बना रहे। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी लेते रहें और सावधानीपूर्वक बाहर निकलें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News